सीवान में पल्स पोलियो अभियान शुरू, डीएम ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद

सीवान। जिले में रविवार से पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। अभियान का शुभारंभ पचरुखी प्रखंड के पकड़ी बंगाली आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-202 पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने एक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया।

3.82 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

अभियान की शुरुआत आशा कार्यकर्ता संध्या देवी ने फीता काटकर की। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डीएमओ डॉ. ओपी लाल, डीपीएम विशाल कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ के आरआरटी डॉ. अमजद अली और अन्य अधिकारियों ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक के 3,82,173 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की व्यापक तैयारी

अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 5,37,886 घरों तक पहुंचने की योजना बनाई है। इसके लिए 1,306 हाउस-टू-हाउस टीमें, 167 ट्रांजिट टीमें, 35 मोबाइल टीमें, 477 सुपरवाइजर और 2,996 टीकाकर्मियों की तैनाती की गई है।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि पोलियो मुक्त समाज बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीम का पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *