मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक दंपती की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे में कार सवार दो मासूम बच्चों को कोई चोट नहीं आई।
खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास रात करीब डेढ़ बजे वाराणसी से लौट रही कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
काशी दर्शन कर लौट रहा था परिवार
मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय विकास ताम्रकार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहे थे। हादसे में विकास ताम्रकार और उनकी 31 वर्षीय पत्नी सोनम की मौत हो गई।
चार घायल, दो बच्चों की बची जान
हादसे में चालक हीरालाल, हिमांशु ताम्रकार, सक्षम और राधा घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विकास और सोनम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधा को मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दंपती के चार वर्षीय पुत्र शिवांश और डेढ़ वर्षीय रुद्र को इस हादसे में खरोंच तक नहीं आई।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के साले हिमांशु ताम्रकार ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक हाईवे पर वाहन को आगे-पीछे कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
