खूंटी। खूंटी जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 1 और 2 जुलाई को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय फुटबॉल रेफरी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
सफल प्रतिभागियों को मिलेगा रेफरी बनने का अवसर
संघ के अनुसार प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को जिला फुटबॉल लीग, प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं, सुब्रतो मुखर्जी कप, लिटिल चैंप्स, खेलो झारखंड और एसजीएफआई सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्य स्तरीय परीक्षा का मौका
जिला फुटबॉल संघ के सचिव चन्द्रदेव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं के दौरान रेफरियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले रेफरियों के नाम राज्य स्तरीय रेफरी परीक्षा के लिए जिला फुटबॉल संघ की ओर से अनुशंसित किए जाएंगे।
युवाओं से पंजीयन कराने की अपील
संघ ने फुटबॉल में रुचि रखने वाले इच्छुक युवाओं से जल्द से जल्द अपना पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि वे प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाकर रेफरी के रूप में अपना भविष्य बना सकें।
