Homeबिहारकल सम्राट चौधरी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

कल सम्राट चौधरी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

पटना। मंगलवार शाम राजग के शीर्ष नेतृत्व के साथ सम्राट चौधरी ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और सरकार गठन का दावा प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने इस दावे को स्वीकार कर लिया है। 15 अप्रैल (बुधवार) सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के अन्य मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “राजग (एनडीए) नेतृत्व के साथ राज्यपाल से भेंट कर सरकार गठन का दावा पेश किया गया है। जनता के विश्वास के साथ बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि के नए अध्याय की ओर बढ़ेगा।” इससे पहले, निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कैबिनेट की अंतिम बैठक में अपने इस्तीफे की घोषणा की और मंत्रिपरिषद भंग करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके बाद उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार ने बिहार में दो दशकों से अधिक समय तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनके इस्तीफे के बाद भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसे बाद में राजग विधानमंडल दल ने भी मंजूरी दी। राजनीतिक घटनाक्रम के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो गया है और अब नई राजग सरकार के गठन की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। बिहार में राजनीतिक बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नई सरकार गठन का दावा राज्यपाल के समक्ष पेश कर दिया है। भाजपा विधायक दल और राजग विधानमंडल दल के नेता चुने जाने के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments