कटिहार : जिले के कोढ़ा प्रखंड के खुदना गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर समाज के सामने उससे सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी। बताया जा रहा है कि युवती प्रेम-प्रसंग के चलते घर छोड़कर चली गई थी और बाद में पुलिस द्वारा बरामद किए जाने पर उसने कथित तौर पर अपने माता-पिता को पहचानने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, युवती के घर से लापता होने के बाद उसके परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने रौतारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान युवती को बरामद कर लिया और थाने लेकर पहुंची।
परिजनों का आरोप है कि थाने में युवती ने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना से आहत परिवार, विशेषकर पिता, ने बेटी से सभी रिश्ते खत्म करने का फैसला लिया।
इसके बाद गांव में युवती के नाम पर कुश से एक प्रतीकात्मक पुतला तैयार किया गया। पुतले को अर्थी पर रखकर पूरे गांव में शवयात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस जुलूस में शामिल हुए। बाद में श्मशान घाट पर हिंदू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित की मौजूदगी में प्रतीकात्मक दाह संस्कार किया गया। माता-पिता ने पुतले को मुखाग्नि देकर बेटी से संबंध विच्छेद का सार्वजनिक संदेश दिया।
घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, युवती बालिग है या नहीं तथा उसने परिवार से दूरी बनाने का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
