Homeअन्तर्राष्ट्रीयनीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का भव्य शुभारंभ, देशभर के 933 धावकों ने...

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का भव्य शुभारंभ, देशभर के 933 धावकों ने लिया हिस्सा

ज्योतिर्मठ : उत्तराखंड के चमोली जिले की खूबसूरत और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का शानदार आगाज हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सीमांत क्षेत्रों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही, इससे सीमांत गांवों को सशक्त बनाने में भी मदद मिलेगी।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि यह आयोजन 31 मई से 2 जून तक चलेगा। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच आयोजित 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 धावकों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

आयोजन से पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भारतीय सेना और आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवानों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments