अधिकांश घरों में रसोई घर की सिंक के नीचे डस्टबिन रखा जाता है ताकि जगह की बचत हो सके और सफाई बनाए रखना आसान रहे। लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार यह व्यवस्था शुभ नहीं मानी जाती। वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, सिंक के नीचे डस्टबिन रखने से घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है और इसका प्रभाव सुख-शांति, स्वास्थ्य तथा आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है। हालांकि यदि किचन के अलावा डस्टबिन रखने की जगह उपलब्ध नहीं है, तो कुछ सरल उपाय करके इसके दुष्प्रभाव को कम किया जा सकता है।
क्या सिंक के नीचे डस्टबिन रखना सही है?
वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, सिंक जल तत्व का प्रतीक है जबकि डस्टबिन को राहु तत्व से जोड़ा जाता है। जब जल तत्व और राहु तत्व एक ही स्थान पर सक्रिय होते हैं, तो नकारात्मक ऊर्जा बढ़ने की संभावना मानी जाती है। इसका असर घर के वातावरण पर पड़ सकता है।
ऐसी स्थिति में घर की सुख-शांति प्रभावित हो सकती है। परिवार के सदस्यों, विशेषकर महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। साथ ही धन का प्रवाह धीमा पड़ सकता है और अनावश्यक खर्च बढ़ने लगते हैं। कई बार पारिवारिक रिश्तों में तनाव, मनमुटाव और खटास भी देखने को मिलती है।
यदि सिंक के नीचे ही डस्टबिन रखना पड़े तो करें ये उपाय
यदि घर में जगह की कमी के कारण डस्टबिन को सिंक के नीचे ही रखना आवश्यक हो, तो वास्तु गुरु कुछ उपाय अपनाने की सलाह देती हैं।
- सिंक के नीचे कांच के बर्तन में सेंधा नमक रखें और उसे प्रत्येक सप्ताह बदल दें। पुराना नमक सिंक में डालकर पानी बहा दें।
- हमेशा ढक्कन वाला डस्टबिन ही उपयोग करें और उसे बंद अवस्था में रखें।
- सिंक के नीचे कपूर की गोलियां रखें, इससे दुर्गंध और कीटाणुओं की समस्या कम होती है।
- सूर्यास्त से पहले डस्टबिन खाली कर दें और समय-समय पर उसे अच्छी तरह साफ करते रहें।
वास्तु शास्त्र में रसोई घर को घर का महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्र माना गया है। ऐसे में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की कोशिश की जा सकती है।


