पश्चिमी सिंहभूम। जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक पिता ने अपने दोनों बेटों की जान बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।
बेटों को बचाया, खुद नहीं बच सके
बच्चों को डूबता देख दामु हेंब्रम तुरंत नदी में कूद पड़े। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए दोनों बेटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन इस दौरान खुद गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
स्थानीय लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ठेका मजदूर थे दामु हेंब्रम
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
बताया गया कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन दो बेटों की जान बचाने के लिए उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली, वे सुरक्षित हैं, लेकिन हमेशा के लिए पिता का साया खो बैठे।

