इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ। मटियारी जिले के वहाब शाह रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे सिंध क्षेत्र में रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
कराची-यूसुफवाला रेल मार्ग बाधित
जानकारी के अनुसार, यह मालगाड़ी कराची से यूसुफवाला जा रही थी। हादसे के बाद रेलवे ने एहतियात के तौर पर अप और डाउन दोनों ट्रैक को बंद कर दिया। इसके कारण कराची और देश के अन्य हिस्सों के बीच रेल सेवा कुछ समय के लिए ठप हो गई।
घटना से कई यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई ट्रेनों को अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जबकि कुछ सेवाएं देरी से चलीं।
राहत और बहाली कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पाकिस्तान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
हैदराबाद, टांडो आदम और अन्य स्टेशनों पर फंसे यात्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रभावित यात्रियों को भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोनों ट्रैक को दोबारा चालू होने में करीब 24 घंटे तक का समय लग सकता है। हादसे के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया।
पहले भी हो चुके हैं रेल हादसे
पाकिस्तान में इस साल इससे पहले भी कई मालगाड़ियां पटरी से उतर चुकी हैं। फरवरी में हरप्पा के पास, मई में क्वेटा और जुलाई में सिंध प्रांत के दादू जिले के पास मालगाड़ी के बेपटरी होने की घटनाएं सामने आई थीं।


