देवघर। झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को अपनी पत्नी के साथ विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया दर्शन-पूजन
मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक रीति से संकल्प कराया, जिसके बाद मंत्री दंपति ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ के कामना लिंग का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारी और झामुमो के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के स्थान पर पहुंचे मंत्री
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए बाबा बैद्यनाथ एवं बासुकीनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में शामिल होने देवघर आने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका दौरा स्थगित हो गया। इसके बाद उनकी जगह मंत्री सुदिव्य कुमार देवघर पहुंचे।
श्रावणी मेला तैयारियों का भी लिया जायजा
दौरे के दौरान मंत्री ने श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कांवरियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


