Homeअन्तर्राष्ट्रीयएडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बने देश के 27वें नौसेना प्रमुख, ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने...

एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बने देश के 27वें नौसेना प्रमुख, ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली : एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने रविवार को भारतीय नौसेना के 27वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नौसेना को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रभावी बनाने का संकल्प जताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता भारतीय नौसेना की ऑपरेशनल तैयारी और युद्ध क्षमता को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखना होगी।

कार्यभार संभालने से पहले एडमिरल स्वामीनाथन ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद साउथ ब्लॉक लॉन्स में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

नवनियुक्त नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्तमान क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य चुनौतीपूर्ण और जटिल बना हुआ है, ऐसे में नौसेना की क्षमताओं को लगातार मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और स्वदेशीकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि उभरती हुई तकनीकों को अपनाकर नौसेना की परिचालन क्षमता को और बेहतर बनाया जाएगा।

एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि भारतीय नौसेना को दुनिया की सबसे पेशेवर नौसेनाओं में गिना जाता है और नौसेना के अधिकारियों, नाविकों तथा कर्मचारियों का कल्याण, पेशेवर विकास और बेहतर प्रदर्शन उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।

उन्होंने निवर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नौसेना ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं और संगठन को नई दिशा मिली।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय नौसेना ने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में देश की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम किया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए नौसेना के अधिकारियों, जवानों और रक्षा नागरिक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

एडमिरल त्रिपाठी ने विश्वास जताया कि एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन के नेतृत्व में भारतीय नौसेना नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी और देश की समुद्री सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments