Homeक्राइमरामपुर गोलीकांड : पीड़ितों से मिले पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, कहा- दोषियों...

रामपुर गोलीकांड : पीड़ितों से मिले पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, कहा- दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

पलामू : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता के.एन. त्रिपाठी ने गुरुवार को पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पिछले दिनों हुए भीषण गोलीकांड से बुरी तरह प्रभावित पीड़ित चौधरी परिवार से मुलाकात कर उनका ढांधस बंधाया। पूर्व मंत्री ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली और इस निर्मम वारदात को अत्यंत हृदयविदारक और अमानवीय बताया।

उल्लेखनीय है कि गत 23 मई को रामपुर गांव में पैतृक जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई थी। इस खूनी संघर्ष के दौरान एक पक्ष द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी में सिकन्दर चौधरी नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पूर्व मंत्री त्रिपाठी जब पीड़ित परिवार की आपबीती सुन रहे थे, तो वह परिजनों की चीख-पुकार देखकर स्वयं भी भावुक हो गए।

प्रभावित परिवार को सांत्वना देते हुए पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी मनुष्य के जीवन की कीमत इतनी सस्ती नहीं हो सकती कि उसे आपसी रंजिश में मिटा दिया जाए। उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई जमीन या संपत्ति से जुड़ा विवाद है, तो नागरिकों को न्यायालय और कानून का सहारा लेना चाहिए, न कि आवेश में आकर किसी का हंसता-खेलता परिवार उजाड़ना चाहिए।

त्रिपाठी ने पलामू पुलिस की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले की गहन जांच कर रहा है और जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में पलामू की धरती पर दोबारा ऐसी हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए समाज और प्रशासन दोनों को सतर्क रहना होगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि वह हर कानूनी और सामाजिक स्तर पर न्याय दिलाने के लिए उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। इस संवेदनशील मौके पर मुख्य रूप से महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह टिकैत, बबलू दुबे, गोपाल त्रिपाठी, सोनू पासवान, रंजन दुबे और रमेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments