अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार की ऐतिहासिक तैयारियां: पुत्र मोजतबा के शामिल होने पर सस्पेंस

तेहरान। ईरान ने इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के संयुक्त सैन्य हमले में मारे गए अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह के लिए अभूतपूर्व और ऐतिहासिक तैयारियां की हैं। इस बीच, खामेनेई के पुत्र और देश के नए सर्वोच्च नेता माने जा रहे मोजतबा खामेनेई के इस समारोह में हिस्सा लेने पर अब तक गहरा सस्पेंस बना हुआ है। वह पिता की मौत के बाद से ही सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।

अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर कड़ा संदेश

अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन (CNN) की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अली खामेनेई की स्मृति में ईरान और इराक के पांच प्रमुख शहरों में हफ्ते भर चलने वाले विशाल कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इस समारोह की टाइमिंग को जानबूझकर अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ रखा गया है, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक कड़ा भू-राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह इस्लामिक रिपब्लिक के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 40 लाख से 1.5 करोड़ लोगों के जुटने का अनुमान है। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर घालीबाफ ने दो टूक कहा है कि देश अपने नेता के खून का बदला लिए बिना चुप नहीं बैठेगा।

मोजतबा खामेनेई की सुरक्षा और सेहत को लेकर अटकलें

खबरें हैं कि 28 फरवरी के अमेरिकी हमले में मोजतबा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, जिसके बाद से उन्हें अज्ञात स्थान पर कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। हाल ही में वे अपनी पत्नी की विदाई सभा में भी नजर नहीं आए थे। यदि वे इस अंतिम संस्कार में शामिल होते हैं, तो यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति होगी। हालांकि, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज द्वारा मोजतबा खामेनेई को भी निशाना बनाने की योजना के दावे के बाद सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया गया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनके नेतृत्व को कोई खतरा पैदा हुआ, तो तेहरान तुरंत और विनाशकारी पलटवार करेगा।

तेहरान में इतिहास का सबसे बड़ा सुरक्षा व ट्रैफिक ऑपरेशन

  • इंटरनेशनल एयरपोर्ट रहेंगे बंद: अंतिम संस्कार के दौरान राजधानी तेहरान के घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। जिन शहरों से शव गुजरेगा, वहां राष्ट्रीय अवकाश रहेगा।
  • विशाल व्यवस्थाएं: बासिज पैरामिलिट्री फोर्स ने शोकग्रस्तों के लिए 5 करोड़ रोटियों का इंतजाम किया है। रेड क्रिसेंट ने आपात स्थिति के लिए 2,500 एम्बुलेंस, 21 हेलीकॉप्टर, 100 ड्रोन और 5 लाख लीटर आईवी फ्लूइड की व्यवस्था की है।
  • अंतिम यात्रा का रूट: शनिवार सुबह तेहरान की ‘इमाम खामेनेई मोसाला’ मस्जिद से रस्में शुरू होंगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को पवित्र शहर कोम और फिर सीमा पार इराक के शिया पवित्र स्थलों नजफ व कर्बला ले जाया जाएगा। अंत में, खामेनेई के जन्मस्थान मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *