इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को एक बड़ा और बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री बस झोब और डेरा इस्माइल खान के बीच डाना सर इलाके में बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 8 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह हाल के वर्षों में इस क्षेत्र की सबसे भीषण और घातक सड़क दुर्घटना है।
ब्रेक फेल होना और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के प्रवक्ता शाहिद रिंद और शेरानी के जिला उपायुक्त वली काकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में बस के ब्रेक फेल होने और क्षमता से अधिक यात्री (ओवरलोडिंग) सवार होने की बात सामने आ रही है। हादसा पहाड़ी और ऊबड़-खाबड़ इलाके में होने के कारण बचाव दलों को मौके पर पहुंचने और मलबे से शवों को निकालने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित, राष्ट्रपति ने जताया शोक
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा दोनों प्रांतों की रेस्क्यू टीमों को संयुक्त रूप से राहत कार्य में लगाया गया है। नजदीकी जिला मुख्यालय अस्पतालों में आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों का मुफ्त और सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
