डिब्रूगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने तीन दिवसीय असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन बुधवार को असम के सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित शिवसागर जिले पहुंचे। वह हेलीकॉप्टर से नेपाली खूंटी गांव पहुंचे और वहां से ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, मंत्री केशव महंत, मंत्री पीयूष हजारिका समेत कई स्थानीय विधायक और नेता मौजूद रहे।
राहत शिविरों और प्रभावित परिवारों से मिले नड्डा
केंद्रीय मंत्री नड्डा मंगलवार को डिब्रूगढ़ पहुंचे थे और उन्होंने मनोहारी रिसोर्ट में रात्रि विश्राम किया। बुधवार को उन्होंने प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त फसलों और मकानों का निरीक्षण किया। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के बाद नड्डा नगालैंड के मोन जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने जाएंगे। वहां से डिब्रूगढ़ लौटने के बाद वह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। उनका रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ में ही होगा।
गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश का करेंगे दौरा
केंद्रीय मंत्री नड्डा गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली जाएंगे। वहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। वह प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के बाद इटानगर में अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और फिर गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


