कोलकाता। बीरभूम जिले के रामपुरहाट से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बंद्योपाध्याय की रविवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव रामपुरहाट शहर स्थित उनके घर से सटे पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पार्टी कार्यालय में मिला शव
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले पार्टी कार्यालय की खिड़की से आशीष बंद्योपाध्याय को फंदे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
हालांकि, पुलिस ने सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
हाल में सक्रिय राजनीति से हुए थे दूर
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को आशीष बंद्योपाध्याय से कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की थी। उनका आवास रामपुरहाट के पांच नंबर वार्ड के हाटतला पाड़ा इलाके में है।
‘मास्टरमशाई’ के नाम से चर्चित आशीष बंद्योपाध्याय लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे। 2026 के विधानसभा चुनाव में रामपुरहाट सीट से भाजपा के ध्रुव साहा के हाथों चुनाव हारने के बाद वह सक्रिय राजनीति से कुछ हद तक दूर हो गए थे।
कथित भ्रष्टाचार मामले से भी जुड़ा था नाम
आशीष बंद्योपाध्याय का नाम हाल में सामने आए एक कथित भ्रष्टाचार मामले से भी जोड़ा जा रहा था। हालांकि, उनकी मौत और इस मामले के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।



