जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
भारतमाला हाईवे पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी स्थित भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। तीनों ग्रामीण रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज से होगी चालक की पहचान
सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
ग्रामीणों ने उठाई सड़क सुरक्षा की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और प्रभावी सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार तेज गति से वाहनों का संचालन गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।
