HomeBlogमानवता शर्मशार ! 15 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या, आरोपी...

मानवता शर्मशार ! 15 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या, आरोपी अबतक फरार

अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जायस थाना क्षेत्र के बक्शी का पुरवा गांव में 15 वर्षीय किशोर का शव खेत की मेड़ पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बक्शी का पुरवा निवासी जागेश्वर का 15 वर्षीय पुत्र आर्यन गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने आर्यन का शव घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के बाहर खेत की मेड़ पर पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोर की बेहद नृशंस तरीके से हत्या की गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने का काम किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में किशोरों के बीच आपसी विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments