होर्मुज जलडमरूमध्य में संदिग्ध तैरती सुरंग मिलने से अलर्ट, ओमान ने जारी की चेतावनी

मस्कट : ओमान की समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट एक संदिग्ध तैरती हुई वस्तु देखे जाने के बाद समुद्री यातायात के लिए अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों को आशंका है कि यह वस्तु नौसैनिक सुरंग (माइन) हो सकती है, जिसके चलते नाविकों, मछुआरों और वाणिज्यिक जहाजों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के जलक्षेत्र में एक संदिग्ध तैरती हुई वस्तु देखी गई है। यह वस्तु जलडमरूमध्य के इनशोर ट्रैफिक ज़ोन के पश्चिमी हिस्से में दिखाई दी है और इसके माइन होने की आशंका जताई जा रही है।

एजेंसी ने सभी समुद्री उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ऐसी किसी भी गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। चेतावनी में कहा गया है कि क्षेत्र से गुजरने वाले जहाज और नावें अतिरिक्त सावधानी बरतें ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ओमान के अधिकारियों ने शनिवार को यह सुरक्षा अलर्ट जारी किया। इसके बाद ओमान के रक्षा मंत्रालय ने भी समुद्री समुदाय से इस एडवाइजरी का पालन करने का आग्रह किया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *