आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला: आरोपी गिरफ्तार, हाजत से फरार होने के बाद पुलिस मुठभेड़ में घायल

रांची। राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। बाद में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाजत से फरार होने के बाद मांडर में मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपी को कोतवाली थाना हाजत में रखा गया था। गुरुवार दोपहर वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और मांडर क्षेत्र में उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पेट्रोल बम हमला मामले में बनी थी एसआईटी

गौरतलब है कि मंगलवार रात दो बाइक सवार अपराधियों ने निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंका था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। हालांकि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को रांची से बाहर भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। इसी दौरान एक आरोपी के हाजत से फरार होने और बाद में मुठभेड़ में घायल होने की घटना सामने आई।

पुलिस अब हमले के पीछे की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और उनके संभावित उद्देश्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *